हैंडबॉल प्रतिस्पर्धा – सहायक आयुक्त ने बालिकाओं को दी अनुशासन एवं संयम की सीख
ग्वालियर. केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में तीसरे लीग मैच के पश्चात सांस्कृतिक संध्या में माननीय सहायक आयुक्त भोपाल संभाग श्रीमती किरण मिश्रा का आगमन हुआ विद्यालय के प्राचार्य गौरव कुमार द्विवेदी ने हरित स्वागत की कड़ी में पौधा देकर विद्यालय की ओर से उनका स्वागत किया। आयुक्त ने सभी बालिका प्रतिभागियों से बातचीत की। साथ ही केंद्रीय विद्यालय गणेशखिंड मुंबई संभाग से आई हुई बालिकाओं में से प्रगति तिवारी के कर्तव्य बोध की सराहना करते हुए सहायक आयुक्त महोदया ने पुरस्कृत किया। यह बालिका स्वच्छता का संदेश देते हुए सभी प्रतिभागियों को इधर-उधर कूड़ा न फेंकने ,टिशू पेपर इत्यादि का सही प्रबंधन करने का संदेश दे रही थी। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के परीक्षा प्रभारी एसपी जैन ने जब बालिका को यह कार्य करते देखा तो उन्होंने प्राचार्य द्वारा उसे पुरस्कृत करने की अपील की।इसके अतिरिक्त जिन बालिकाओं का कल जन्मदिन था माननीय सहायक आयुक्त श्रीमती किरण मिश्रा ने बालिकाओं का जन्मदिन मनाया एवं भारत के विभिन्न संभाग से आए बालिका प्रतिनिधियों को अनुशासन व संयम की सीख देते हुए उनके साथ एक अभिभावक की भूमिका निभाई। श्रीमती किरण मिश्रा द्वारा प्राचार्य गौरव द्विवेदी, एसपी जैन, एके चौधरी एवं समस्त विद्यालय परिवार की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।श्रीमती मिश्रा ने खेल के मैदान में खिलाड़ी प्रतिभागी बालिकाओं का उत्साह वर्धन किया।
प्रतिस्पर्धा के चौथे दिन प्राचार्य श्रीमती गीता द्विवेदी ,केवि दतिया ने आज के दिन जिन खिलाड़ियों का जन्मदिन था उनको शुभकामना देते हुए सुरीला जन्मदिन गीत भी गाया।अनुरक्षक शिक्षकों ने भी सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।

