सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में उपचुनाव का शंखनाद करेंगे कमलनाथ, भाजपा चंबल के असंतुष्ट को सदस्यता दिलाएंगे
ग्वालियर. सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में जहां भाजपा ने मेगा सदस्यता अभियान चलाकर अपना दम दिखाया था वीं अब कांग्रेस भी सिंधिया के गढ़ से ही अपना दम दिखाने की तैयारी में है। कांग्रेस ने उपचुनाव के प्रचार की तैयारी ग्वालियर-चंबल से करने की रणनीति बनाई है। पार्टी पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ ने यहां एक मेगा शो करने की तैयारी कर ली है।
कमलनाथ दिखाएंगे ग्वालियर में दम
जानकारी के अनुसार कमलनाथ का ये मेगा शो अगस्त में सिंधिया और शिवराज द्वारा अगस्त में ग्वालियर में किये जाने वाले भाजपा सदस्यता अभियान का जवाब होगा। बीजेपी ने तीन दिनों तक ग्वालियर चंबल इलाके के लिए ग्वालियर में मेगा शो किया था इस दौरान भाजपा का दावा था कि 76 हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली थी हालांकि कांग्रेस ने बीजेपी के इस दावे का ये सवाल करते हुए मखौल उड़ाया था कि बीजेपी उन कार्यकर्ताओं के नाम तो बताए। बीजेपी के बाद अब कांग्रेस यहां अपना दम दिखाने जा रही है। ग्वालियर चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाली 16 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है ऐसे में कमलनाथ ने तय किया है कि वो चुनावी शंखनाद सिंधिया के गढ़ से ही करेंगे।
बीजेपी के मेगा शो का जवाब
चुनावी प्रचार की शुरूआत करने वाली कांग्रेस पार्टी सितंबर माह के दूसरे हफ्ते में कमलनाथ के ग्वालियर दौरे की तैयारी कर ली है। कमलनाथ के दौरे को हर तरह से सफल बनाने के लिए कांग्रेस कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। इसके लिए ग्वालियर से लेकर भोपाल तक कई बैठकें की जा चुकी है। कमलनाथ के ग्वालियर दौरे के दौरान कांग्रेस पार्टी जिला, ब्लॉक, मंडल और सेक्टर स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति बनाई है। पार्टी ने इस दौरान सदस्यता अभियान चलाने का फैसला लिया है। फिलहाल कांग्रेस का फोकस ग्वालियर चंबल के उन नेता-कार्यकर्ताओं पर है जो भाजपा से असंतुष्ट है। कमलनाथ उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिला सकते है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र सलूजा के अनुसार ग्वालियर में 10 से 12 तारीख के बीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

