सांसद साध्वी प्रज्ञा को सेक्सटॉर्शन कॉल करने वाले पकड़ाए, राजस्थान के भरतपुर जिले से हुई गिरफ्तारी
भोपाल. सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह को सेक्सटॉर्शन कॉल करने वाले आरोपी राजस्थान के निकले। दोनों आरोपी सगे भाई है, जिन्होंने सांसद को सेक्सटॉर्शन में फंसाकर रुपए ऐंठने की कोशिश की थी। मध्य प्रदेश पुलिस की सूचना पर राजस्थान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया इसके बाद भोपाल पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर राजस्थान से रवाना हो चुकी है। पुलिस उपायुक्त क्राइम अमित सिंह ने बताया कि अभी आरोपियों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। राजस्थान पुलिस की सूचना पर भोपाल पुलिस की टीम वहां गई है। टीम दोनों को लेकर भोपाल आ रही है। भोपाल आने के बाद ही आरोपियों से पूछताछ हो सकेगी।
पुलिस की गिरफ्त में आते ही हेकड़ी निकल गई
मुख्य रूप से इस तरह के गिरोह झारखंड में सक्रिय हैं, लेकिन यह कॉल राजस्थान से आए थे। जब फोन करने वाले नंबरों को ट्रेस किया गया। यह दोनों नंबर राजस्थान के निकले। लोकेशन भरतपुर जिले के सीकरी की निकली। भोपाल पुलिस की सूचना पर राजस्थान पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। राजस्थान पुलिस की सूचना पर भोपाल पुलिस की टीम भी भरतपुर पहुंच गई। वहां से दोनों आरोपियों को भोपाल लाया जा रहा है। आरोपियों ने प्रज्ञा के स्टॉफ को धमकाया था। स्टॉफ ने कॉल बैक कर आरोपियों को कहा कि गलत जगह हाथ डाल दिया, तो आरोपी बोले ऐसे कई आए और कई गए। हम वहीं के वहीं हैं। पुलिस की गिरफ्त में आते ही आरोपियों की हेकड़ी निकल गई।

