सांसद से तालमेल नहीं बैठने पर सिंधिया ने ग्वालियर से बनाई दूरी
ग्वालियर. लोकसभा चुनाव के बाद से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिले के विकास कार्यों से दूरी बना ली है। अब वे ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों में न कोई दखल दे रहे हैं और न ही विकास कार्यों का अपडेट लेने के लिए अधिकारियों की बैठक ले रहे हैं। इस दूरी का मूल कारण सांसद भारत सिंह कुशवाह का अपने संसदीय क्षेत्र में उनके दखल का आंतरिक रूप से विरोध माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री शुक्रवार की रात से अंचल के चार दिवसीय प्रवास पर हैं। उनके अधिकारिक कार्यक्रम में दिल्ली से ग्वालियर जाना मात्र उल्लेखित है।
भाजपा का कोई नेता नहीं देर रहा प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री की ग्वालियर संसदीय क्षेत्र से दूरी पर भाजपा का कोई नेता सीधे प्रतिक्रिया व्यक्त करने के लिए तैयार नहीं है। कांग्रेस का जरूर आरोप है कि सांसद ने अपने क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री को प्रतिबंधित-सा करा दिया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में दखल भाजपा नेता बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। पहले अधिकारियों की बैठक और विकास कार्यों के अवलोकन को लेकर उनकी पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर के साथ अनबन चलती रहती थी। चुनाव के बाद निर्वाचित सांसद भारत सिंह कुशवाह उनके क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री के दखल की बात शीर्ष नेतृत्व के सामने तक रख आए। हालांकि सार्वजनिक रूप से केंद्रीय मंत्री व सांसद अनबन की बात को कई बार नकार चुके हैं।
जीवाजी विश्वविद्यालय में प्रतिमा के अनावरण समारोह अनबन खुलकर नजर आई
लगभग दो माह पूर्व जीवाजी विश्वविद्यालय में महाराज जीवाजी राव सिंधिया की प्रतिमा के अनावरण समारोह में सांसद भारत सिंह कुशवाह का आमंत्रित नहीं किया गया था। इस प्रतिमा का अनावरण उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ व राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में किया था।

