सफाई व्यवस्था पर दें विशेष ध्यान: निगमायुक्त
ग्वालियर – नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सोमवार को स्वास्थ्य एवं कार्यशाला के कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के संबंध में की जा रही गतिविधियों के संबंध में भी जाना। बैठक में उपायुक्त, कार्यपालन यंत्री, कार्यशाला प्रभारी पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी कचरा प्रबंधन महेन्द्र प्रसाद अग्रवाल, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. अनुज शर्मा, डॉ. वैभव श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निगमायुक्त ने कहा कि शहर की साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जावें, निर्धारित समय पर सफाई हो इसकी मॉनिटरिंग की जावे, शहर के प्रमुख मार्गों पर किसी भी प्रकार का कचरा नहीं दिखाई देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई मित्रों को सफाई के समय आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध हों तथा उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाए। निगमायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि सफाई के समय कर्मचारियों के आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों। इसके लिए उन्हें जागरूक किया जाए ताकि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत नहीं हो।
सफाई कार्य में लगी डोर टू डोर गाड़ियां समय पर निकलें और नियमित रूप से जाकर कचरा संग्रहण करें। इसकी भी नियमित मॉनिटरिंग हो। उपलब्ध संसाधनों का निगम हित में ही उपयोग हो, यह संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें।
निगमायुक्त ने कार्यशाला की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी गाड़ियां ठीक रहें तथा समय समय पर उनकी देखभाल भी की जाए। तीनों डिपों में वाहन समय पर निकलें। स्वच्छ भारत मिशन को लेकर कहा कि जन जागरूकता के लिए नियमित रूप से गतिविधियां संचालित की जाएं। निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं पूरा अमला मिलकर कार्य करे।

