लगातार सोने में मंदी जारी
इंदौर. अमेरिका में ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की लगातार चिंताओं के बीच डालर में व्यापक मजबूती बनी हुई है। इसके चलते घरेलू और इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड की कीमतें सात महीने के निचले स्तर पर आ गई हैं।
ग्लोबल मार्केट में भी बुधवार को सोना 1825 डालर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया। इसके चलते भारतीय बाजारों में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। बुधवार को सोना केडबरी लगातार 11वें दिन भी घटकर 58425 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। जानकारों का मानना है कि अमेरिका में फंडिंग अरेंज करने के लिए पेनिक सेलिंग हो रही है, यह रुकने के बाद गोल्ड की कीमतें फिर बढ़ सकती हैं।
ऐसे में खरीदने का बेहतर अवसर है। दूसरी ओर चांदी में नीचे दामों पर छुटपुट लेवाली आने के कारण भाव में आंशिक सुधार रहा। चांदी चौरसा इंदौर में सुधरकर 69100 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करता देखा गया। कामेक्स सोना घटकर ऊपर में 1825 नीचे में 1816 डालर प्रति औंस और चांदी ऊपर में 21.21 नीचे में 20.96 डालर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया।

