तिघरा जलाशय में दो छात्रों के डूबने की घटना, एक छात्र का शव मिला, दूसरे छात्र की खोज जारी
ग्वालियर, तिघरा जलाशय में गजरा राजा मेडिकल कॉलेज के दो छात्रों के डूबने की दुःखद घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते पर प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे. साथ ही डेम में छात्रों को खोजने का तेजी से ऑपरेशन शुरू किया गया।
प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ की टीम व स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से जलाशय में दोनों छात्रों की तलाश के लिए सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है। डूबने वाले छात्रों की पहचान आयुष श्रीवास्तव एवं गोपाल अग्रवाल के रूप में हुई है। दोनों छात्र एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र बताए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा बचाव एवं खोज कार्य में सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं। मेडिकल छात्र गोपाल अग्रवाल का शव मिल गया है। समाचार लिखे जाने तक दूसरे छात्र की तलाश जारी थी। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा खोज अभियान को युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है।

