राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की प्रो. रंजना टोणपे का निधन
ग्वालियर। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में गायन विभाग की विभागाध्यक्ष एवं जानीमानी गायिका प्रो. रंजना टोणपे का मंगलवार की शाम निधन हो गया। वे 58 वर्ष की थी।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक श्रीमती टोणपे अयोध्या के पारिवारिक प्रवास से लौटीं थीं। आज दोपहर बाद अचानक उन्हें हृदयाघात पड़ा और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। बेहद सहज और सरल स्वभाव की रंजना टोणपे अपने पीछे 2 पुत्रियां छोड़ गई हैं। उनके पति संदीप टोणपे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बतौर प्रबंधक कार्यरत है। श्रीमती टोणपे श्रीरंग संगीत एवं कला संस्थान व रागायन जैसी संस्थाओं से जुड़ी थीं। उन्होंने अनेक सांगीतिक कार्यक्रमों में शिरकत कर ग्वालियर का नाम रोशन किया। उनके निधन से संगीत जगत में शोक की लहर छा गई है। श्रीरंग संगीत एवं कला संस्थान व रागायन परिवार ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

