मुख्य मार्ग से हाथ ठेले हटाकर यातायात को किया सुगम
ग्वालियर – नगर निगम के मदाखलत अमले द्वारा सुगम यातायात एवं नागरिकों की सुविधा के लिए निरंतर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
मदाखलत अधिकारी ने बताया कि शहर में सुगम यातायात हो इसके लिए प्रतिदिन यातायात में बाधक अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की जा रही है। जिसके तहत आज पूर्व विधानसभा में नवीन जिला न्यायालय कलेक्ट्रेट मार्ग से हाथ ठेले हटाये जाकर जप्त किये गए एवं मैन रोड पर रखी अवैध गुमटी को जप्त किया गया। इसके साथ सिटी सेंटर पर मुख्य मार्ग पर डाले कंस्ट्रक्शन मैटेरियल को हटवाया गया।
शहर के विभिन्न स्थानों से लगभग 50 आवारा पशु पकड़कर गौशाला भेजा। उक्त कार्यवाही मदाखलत निरीक्षक पूर्व विधानसभा द्वारा की गई।
इसके साथ ही मदाखलत अधिकारी के निर्देशन में दक्षिण विधानसभा अंतर्गत जिंसीनाला, ऊंटपुल, हनुमान नगर से लेकर सुदर्शन होटल मुख्य मार्ग पर यातायात में अवरुद् दुकानों के बाहर रखा सामान, कूलर, स्टैंडबोर्ड, घास की टटिया को हटाकर जप्त करने की कार्यवाही मदाखलत दल (दक्षिण) द्वारा की गई एवं हिदायत दी गई कि दोबारा अतिक्रमण ना किया जाए। उक्त कार्यवाही मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह एवं दल द्वारा की गई।

