मास्क न लगाने वालों से जुर्माना वसूलें – कलेक्टर
ग्वालियर कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ना चिंताजनक है। इस पर नियंत्रण के लिये सभी एहतियाती कदम उठाए जाएँ। कोरोना स्क्वॉयड सक्रिय होकर कोरोना गाइडलाइन का पालन कराएँ और मास्क न लगाने वाले लोगों से जुर्माना भी वसूलें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर कौशलेन्द्रविक्रम सिंह ने इंसीडेंट कमांडर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर कलेक्ट्रेट के सभागार में शुक्रवार को आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिस क्षेत्र में अधिक संख्या में कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं वहाँ पर बैरीकेटिंग अवश्य कराई जाए। साथ ही कोविड-19 संक्रमण से संबंधित पेम्प्लेट भी घर पर प्रदर्शित कराएँ। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोरोना से संक्रमित हरेक मरीज की कंट्रोल कमाण्ड सेंटर के जरिए प्रॉपर मॉनीटरिंग की जाए और जो मरीज अपने घर पर ही आईसोलेशन में हैं उनके घर पर ही दवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। श्री सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र में जरूरत के मुताबिक कोविड सेंटर स्थापित कराने के निर्देश संबंधित एसडीएम को दिए।
सुपर स्पेशिलिटी में कोविड केयर सेंटर चालू करें
कलेक्टर कौशलेन्द्रविक्रम सिंह ने बैठक में मौजूद जेएएच समूह के मेडीसन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ओपी जाटव को निर्देश दिए कि सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल में पूर्व की भाँति कोविड केयर सेंटर शुरू कराएँ। साथ ही कोरोना संक्रमित के इलाज की पुख्ता व्यवस्था की जाए। उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सालय में भी पूर्व की तरह कोविड केयर सेंटर शुरू करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिला चिकित्सालय सहित निजी अस्पतालों में संचालित कोविड सेंटर में उपलब्ध सामान्य बैड व आईसीयू बैड के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बैठक में मौजूद निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने अस्पतालों में बढ़ते हुए कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर बैड की संख्या बढ़ाएँ। श्री सिंह ने कोरोना संक्रमितों की सूची निजी अस्पतालों के कोविड केयर सेंटर को भी उपलब्ध कराने को कहा।
कोविड कमाण्ड सेंटर को फिर से सक्रिय करें
कलेक्टर ने बैठक में विशेष जोर देकर कहा कि कोविड कंट्रोल कमाण्ड सेंटर पूरी तरह सक्रिय होकर काम करें। साथ ही पहले की तरह वॉट्सएप नम्बर जारी करें, जिससे लोग वीडियो कॉलिंग के जरिए कोरोना के संबंध में जानकारी व चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि कमाण्ड कंट्रोल सेंटर में कोरोना का प्रत्येक प्रकरण की जानकारी पहुँचे।
कोरोना वैक्सीनेशन को गंभीरता से लें
बैठक में कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि कोरोना से बचाव के लिये वैक्सीनेशन का काम प्रभावी ढंग से हो। उन्होंने कहा जिले के सभी वैक्सीनेशन सेंटर पर लक्ष्य के अनुरूप हर दिन टीकाकरण का काम किया जाए। बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान में 55 वैक्सीनेशन सेंटर तय किए गए हैं। अब हर दिन लगभग 10 से 12 हजार लोगों को कोरोना टीके लगाने के प्रयास किए जायेंगे।

