मानसून पकड़ने जा रहा गति, 13-14-15 जून को भारी बारिश की चेतावनी
ग्वालियर. राजस्थान से आ रही गर्म हवा की वजह से आसमान साफ हो गया है। बादल छंटने से तेज धूप निकली, इसकी वजह से अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस का उछाल आने से 41.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पांच दिन बाद पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने पर भीषण गर्मी का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस का आंकडा छुएगा जिससे उमस भरी भीषण गर्मी का सामना करना पडेगा। 13 जून से प्री मानसून की हलचल शुरू होगी।
मानसून तीसरे सप्ताह में पकड़ेगा रफ्तार
मानसून की गति धीमी पड़ गई है। महाराष्ट्र से आगे नहीं बढ़ा है। दूसरे सप्ताह में भी मानसून आगे नहीं बढ़ेगा, लेकिन तीसरे सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसकी वजह से मानसून आगे बढ़ेगा। पूरे महाराष्ट्र में मानसून छाएगा। साथ ही मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगा। मानसून आगे बढऩे पर तीसरे सप्ताह में प्री मानसून की हलचलों में तेजी आएगी। 13, 14, 15 जून को तेज आंधी व बारिश का दौर चल सकता है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

