महू गोलीकांड में कैलाश विजयवर्गीय ने अधिकारियो को निर्देश दिए, मृतक को दी जाएगी आर्थिक सहायता
महू. महू तहसील के बडगोंडा थाना क्षेत्र में हुए उपद्रव के बाद आदिवासी युवक भेरूलाल के पुलिस फायरिंग में गोली लगने से हुई मौत को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय मृतक भेरूलाल के घर पहुंचे। जहां मीडिया से चर्चा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हम यहां राजनीति करने नहीं आए हैं। कुछ लोग प्रदेश का वातावरण खराब करना चाहते हैं। मुझे जानकारी मिली हैं कि यहां पर बाहरी लोगों ने आकर माहौल खराब किया है। यहां से सोशल मीडिया पर गलत सूचना दी गई, जिससे यहां के नौजवानों में थोड़ा रोष आ गया था। उन्होंने पूरी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
मृतक को दी जाएगी आर्थिक सहायता
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश की सरकार उसके प्रति गंभीर है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा तत्काल मृतकों को आर्थिक सहायता देने बात कही है। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने गांव की समस्याओं को लेकर भी अधिकारियो को उन्होंने निर्देश दिए हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली-पानी की समस्या से निराकरण करने की बात कही है और कहा है कि परिवार के साथ प्रदेश सरकार की पूरी संवेदना है।

