महाराज बाड़े पर होगा भव्य आयोजन-अटलबिहारी का जन्मदिन ग्वालियर गौरव के रूप में मनाया जायेगा
विश्व विख्यात सरोद वादक अमजद अली खां व उनके सुपुत्र एवं भजन साम्राज्ञी अनुराधा पोडवाल व सारेगामा फेम कलाकारों की होंगी प्रस्तुति
अटल सम्मान व ग्वालियर गौरव सम्मान प्रदान किए जाएँगे
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी होगा
ग्वालियर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री एवं ग्वालियर के लाड़ले सपूत श्रृद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस “ग्वालियर गौरव दिवस” के रूप में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। अटल के जन्मदिवस 25 दिसम्बर को शहर के हृदय स्थल महाराज बाड़ा पर गौरव दिवस के तहत मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर अटल सम्मान एवं ग्वालियर गौरव सम्मान प्रदान किए जायेंगे। गौरव दिवस के आयोजन में विश्व विख्यात सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खां साहब एवं उनके सुपुत्र जनाब अमान व अयान अली की प्रस्तुतितियाँ होगी। साथ ही भजन साम्राज्ञी सुश्री अनुराधा पोडवाल एवं उनके साथ आ रहे सारेगामा फेम कलाकारों की प्रस्तुतितियाँ भी होगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन भी होगा। समारोह में विख्यात राष्ट्रीय कवि हरिओम पवार को अटल सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। साथ ही 5 विभिन्न विधाओं में ग्वालियर गौरव सम्मान प्रदान किए जाएँगे।
गौरव दिवस आयोजन में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह और सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण भी शामिल होंगे। गौरव दिवस समारोह 25 दिसम्बर को सायंकाल 4.30 बजे शुरू होगा। श्रद्धेय अटलजी एवं ग्वालियर पर केन्द्रित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जायेंगीं। जिसमें अटलजी की गौरवमयी जीवनगाथा के साथ-साथ ग्वालियर के ऐतिहासिक वैभव व ग्वालियर के सुनियोजित विकास में जुड़ने जा रहे आयामों की जानकारी दिखाई जायेंगी।
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में शिरकत करेगें देश के प्रख्यात कवि
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के प्रख्यात कवियों द्वारा काव्यपाठ किया जाएगा। कवि सम्मेलन में डॉ. हरिओम पवार मेरठ, विनीत चौहान अलवर, डॉ. प्रवीण शुक्ल दिल्ली, सुश्री पूनम वर्मा मथुरा, दिनेश रघुवंशी फरीदाबाद, सुश्री अंजुम रहबर भोपाल, दिनेश मिश्रा मुंबई, शशीकांत यादव देवास, मदनमोहन दानिश ग्वालियर एवं तेजनारायण बेचैन काव्यपाठ करेंगे।

