भिण्ड के मौ कस्बे से मोर बाजार में ले जाया जा रहा मावा ऑटो से 14 डलिया मावा जब्त
ग्वालियर – दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखकर ग्वालियर जिले में दूसरे जिलों से परिवहन के जरिए आने वाले मावा एवं अन्य खाद्य पदार्थों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को मावा लेकर आ रहे वाहनों की लगातार जाँच करने के निर्देश दिए हैं। इस कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक ऑटो रिक्शा में रखकर ले जाई जा रहीं मावा की 14 डलियाँ पकड़ी हैं। इन डलियों में लगभग एक लाख 40 हजार रूपए मूल्य का 558 किलोग्राम मावा भरा हुआ था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इन डलियों से मावा के नमूने लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल में जांच के लिये भेजे गए हैं। नमूने अमानक पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने इंदरगंज चौराहे पर चारों ओर से ढके हुए एक ऑटो को संदेह के आधार पर जांच के लिये रुकवाया। इस ऑटो में मावा की 14 डलिया रखी हुई थीं। ऑटो चालक रवि कुशवाह ने बताया कि वह गंगा मालनपुर निवासी है और भिण्ड जिले की मौ तहसील से हुरावली होकर इस मावा को ग्वालियर के मोर बाजार में खपाने के लिये ले जा रहा था। मावा का मालिक रवि यादव उर्फ कुरू यादव निवासी मौ जिला भिण्ड बताया गया है।

