भाजपा राज में खदानों का निजीकरण किया जा रहा है : कमलनाथ
उमरिया और विंध्य में वर्षों से नहीं हुआ कोई निवेश, बड़े पैमाने पर हो रहा है, यहां से पलायन
भोपाल, उमरिया की पहचान एक समय में यहां के जंगलों और कोयले की खदानों से थी अन्य प्रदेशों के लोग यहां रोजगार की तलाश में आया करते थे। इंदिरा जी ने कोयला खदानों का राष्ट्रीयकरण किया था, परंतु आज यहां क्या हो रहा है? उमरिया और विंध्य में वर्षों से कोई निवेश नहीं आया, यहां से बड़े पैमाने पर लोग पलायन कर रहे हैं। भाजपा राज में आज खदानों का निजीकरण किया जा रहा है। माताओं बहनों ने बड़े प्यार से इन बच्चों का पालन पोषण किया है, परंतु यह भटकता हुआ नौजवान रोजगार के अवसरों के लिए आज परेशान है? सबसे बड़ी चिंता आज हमारे नौजवानों की है, हमारे यह नौजवान जो हमारे विंध्य और उमरिया के भविष्य का निर्माण करेंगे।
श्री नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने मुझे ऐसा प्रदेश सौंपा था जो बेरोजगारी, किसानों की आत्महत्या, भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ अत्याचार और ध्वस्त कानून व्यवस्था में नंबर वन था। मप्र में 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी, हमने प्रदेश की नई तस्वीर बनाने की शुरुआत की, अपनी नीति और नियत का परिचय दिया था, कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाने की शुरूआत की और किसानों की कर्जमाफी की। केवल डिफाल्टर किसानों का ही नहीं चालू खाते वाले किसानों का भी कर्जा माफ करना हमारे विजन था। हमने प्रदेश के 27 लाख किसानों का प्रथम चरण में कर्जा माफ किया था, दूसरा चरण हम शुरू करने जा रहे थे, परंतु छल कपट से हमारी सरकार गिरा दी गई। मुझे विधायकों ने आकर बताया हमें इतना पैसा दिया जा रहा है। उन्हांने कहा कि मैं चाहता तो मैं भी सौदेबाजी की राजनीति कर सकता था, परंतु मैंने इस पवित्र कुर्सी के सम्मान के लिए सौदेबाजी नहीं की। मैंने स्पष्ट कहा था कि मैं मध्यप्रदेश की पहचान सौदेबाजी की राजनीति से नहीं बनाना चाहता।
मैं शिवराज से पूछना चाहता हूं आपने प्रदेश को आखिर दिया क्या है, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, माफियाराज, बलात्कार, अपराध और घर-घर में शराब। देश में सबसे ज्यादा आदिवासियों के साथ अत्याचार आज हमारे मध्य प्रदेश में हो रहे हैं। नौजवानों आज यह तस्वीर आप सबको अपने सामने रखनी पड़ेगी। हमने तो अपनी नियत और नीति का परिचय दिया था, हमनें 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाई, प्रदेश के इतिहास में कभी इतनी गौशालाओं का निर्माण नहीं हुआ था जितना हमने एक साल में करके दिखाया। लेकिन भाजपाराज में आज हमारी गो-माता सड़कों पर जगह-जगह घूम रही है। भाजपा नेताओं के संरक्षण में चल रहे गौशालाओं में हजारों गायों के शव पाये जा रहे हैं, पशु हत्या कर चमड़े का व्यापार किया जा रहा है।
आज 15 महीने की कांग्रेस सरकार का जबाव मांगते हैं, 20 सालों का आज यह हिसाब देने लायक नहीं है। आप सबसे निवेदन है कि उमरिया जिले की तस्वीर को अपने सामने रखकर सच्चाई का साथ दीजिएगा। जब आप सच्चाई का साथ देंगे तो वर्षों बाद उमरिया का झंडा मध्यप्रदेश की विधानसभा पर लहराएगा।
उमरिया की जनसभा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह , पूर्व मंत्री ओमकार सिंह मरकाम, विधायक फुंदेलाल मार्को, बसंत सिंह, भूपेंद्र मरावी, जिला अध्यक्ष अजय सिंह, प्रभारी जगदीश सैनी सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं जनसैलाब उपस्थित था।

