IFMIS-जिला कोषालय में 16 व 17 जुलाई को लगेगा विशेष शिविर
IFMIS सॉफ्टवेयर संबंधी समस्याओं का किया जायेगा समाधान
ग्वालियर – कलेक्ट्रेट स्थित जिला कोषालय में विभिन्न शासकीय विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के लिये 16 व 17 जुलाई को विशेष शिविर लगाया जायेगा। इस दो दिवसीय शिविर में IFMIS (इंटीग्रेटेड फाइनेंशियल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम) से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जायेगा। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी वैशाली आनंद ने बताया कि जिले के सभी शासकीय विभागों में वित्तीय भुगतान की प्रक्रिया IFMIS सॉफ्टवेयर के माध्यम से संचालित की जाती है। सॉफ्टवेयर के उपयोग के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से “IFMIS केयर्स थीम” पर यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिविर में आहरण एवं संवितरण अधिकारियों की IFMIS से संबंधित तकनीकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। साथ ही, सॉफ्टवेयर को और अधिक उपयोगी एवं सुगम बनाने के लिए अधिकारियों से सुझाव भी प्राप्त किए जाएंगे।
वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से निर्धारित तिथियों पर शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है, ताकि उनकी समस्याओं का प्रभावी ढंग से निराकरण किया जा सके और वित्तीय कार्यों का संचालन अधिक सुचारु एवं सरल बनाया जा सके।

