बंद हो सकता है LPG कनेक्शन और सब्सिडी
नई दिल्ली. एलपीजी गैस कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाइसी को अनिवार्य किया गया है। उपभोक्ताओं को 30 जून तक केवाइसी करवानी थी लेकिन प्रगति बेहद कम होने के कारण समय अवधि को बढ़ाकर 30 जुलाई कर दिया है। इस दौरान कनेक्शनधारी वेंडर या एजेंसी के माध्यम से केवाइसी नहीं करवाते हैं तो उन पर कनेक्शन विच्छेद के साथ ही सब्सिडी बंद करने की कार्रवाई की जा सकती है।
ई-केवाइसी करवाने के निर्देश जारी
बता दें जिले में इंडियन ऑयल कंपनी की कुल 25 एजेंसी संचालित हैं। जिनसे 1 लाख 97 हजार 67 उपभोक्ता जुड़े हैं। इनमें से अभी तक 45 फीसदी लोगों ने ही केवाइसी करवाई है। जबकि एचपी की 3 और भारत गैस की 6 एजेंसियों से 83 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं, जिनमें से 33 हजार उपभोक्ताओं ने ही केवाइसी करवाई है। एजेंसी संचालकों द्वारा वेंडरों को केवाइसी करवाने के निर्देश जारी किए हैं, मगर हॉकर कनेक्शनधारियों की केवाइसी करने की बजाय डिलेवरी देकर लौट जाते हैं। ऐसे में लोग उज्ज्वला योजना से भी वंचित रह सकते हैं।
उज्ज्वला योजना से कट सकता है पत्ता
पेट्रोलियम मंत्रालय ने उपभोक्ता की सही पहचान करने के साथ गैस वितरण प्रणाली को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए केवाइसी को अनिवार्य किया है। जिले में करीब डेढ़ लाख उपभोक्ता उज्ज्वला योजना का लाभ ले रहे हैं। केवाइसी न करवाने पर पहले ऐसे उपभोक्ताओं की छटनी करके सब्सिडी से वंचित किया जाएगा। यदि समय रहते केवाइसी नहीं करवाई तो कनेक्शन भी बंद किया जा सकता है। फिलहाल भारत मंत्रालय की ओर से कार्रवाई के निर्देश नहीं किए गए हैं। लोगों को केवाइसी के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी कदम तक नहीं उठाए जा रहे हैं।

