प्रशासन की टास्क फोर्स पहुंची चंबल में, नष्ट किया 100 ट्राली रेत
मुरैना. जिला प्रशासन ने रेत माफिया के खिलाफ मोर्चा खोलने के संकेत दे दिए हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित टॉस्क फोर्स जौरा के चंबल क्षेत्र में मौजूद गांव गुड़ा पहुंची तथा वहां माफिया द्वारा डंप किया रेत नष्ट किया। इस मौके पर एसडीएम व एसडीओपी सहित अन्य अधिकारी पहुंचे थे। जिला प्रशासन ने रेत माफिया का सफाया करने के लिए टॉस्क फोर्स का गठन किया है। यह टॉस्क फोर्स अब हरकत में आ गई है। टॉस्क फोर्स में जिला व पुलिस प्रशासन के अलावा वन विभाग, माइनिंग व नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हैं। इस दिन टॉस्क फोर्स के अधिकारी जौरा एसडीएम व एसडीओपी के नेतृत्व में गुढ़ा गांव पहुंचे। वहां माफिया द्वारा डंप करके रेत रखा हुआ था। अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी ने उस रेत को फैलाकर नष्ट कर दिया।
माफिया के खिलाफ खुल रहा मोर्चा
लोगों की माने तो जिला प्रशासन धीरे-धीरे रेत माफिया के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रहा है। पिछले कुछ महीनों से रेत माफिया के हौंसले बुलंद हो गए हैं। खुलेआम रेत की मंडियां सजने लगी हैं। माफिया के ट्रेक्टर ट्रालियां सरेआम रेत भरकर फर्राटा भर रही हैं।

