पैदल आए लुटेरे ने कान से इस तरह बाले खींचे कि महिला के कान ही फट गए, पब्लिक ने पीछा कर पकड़ा
ग्वालियर. गुरूवार शाम को पैदल आए बदमाश ने झपट्टा मारकर एक महिला से कान के बाले लूट लिए। बदमाश ने इस तरह झपट्टा मारा की महिला का कान तक फट गया लेकिन महिला ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाते हुए लुटेरे के पीछे दौड़ लगा दी। शोर सुनकर कुछ लोगों ने बदमाश का पीछा किया। भीड को पीछे भागते देख बदमाश ने लूटे गए बाले नाली में फेंक दिए लेकिन इसके बाद भी लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई लगाई। घटना लक्ष्मीगंज तिराहा गोयल वाटिका के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर लुटेरे से पूछताछ शुरू कर दी।
यह है पूरा मामला
शिंदे की छावनी कमल सिंह का बाग निवासी 50 वर्षीय शारदा कुशवाह पत्नी वीरू उर्फ बीरवल कुशवाह का मायका संजय नगर में है। महिला के पिता की तबीयत ठीक नहीं थी जिस कारण महिला अपने पिता को देखने के लिए गुरुवार शाम को निकली थी। लक्ष्मीगंज तिराहा पर टैक्सी से उतरने के बाद वह पैदल-पैदल जा रही थी तभी पीछे से आए युवक ने झपट्टा मारकर उसके कान के बाले लूट लिए। बदमाश ने कान पर इस तरह झपट्टा मारा कि महिला के कान फट गए और मांस तक निकल आया। बाला लूटने के बाद बदमाश ने संजय नगर की तरफ ही दौड़ लगा दी। घटना के बाद शारदा देवी ने भी शोर मचाते हुए बदमाश के पीछे भागना शुरू कर दिया। दर्द के चलते महिला रोती भी जा रही थी। यह देख आगे खड़े दो लड़कों ने भाग रहे युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह छूट गया। बदमाश ने जब देखा कि उसके पीछे लोग पड़ गए हैं तो उसने बाले नाली में फेंकने के बाद और तेज दौड़ लगा दी, लेकिन सामने से आ रहे दो युवकों ने उसे पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद वह उल्टा महिला के पास आकर कहने लगा कि मैं था क्या। महिला ने उसे पहचान लिया और सभी के सामने कहा, यही था। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई लगाई है और पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी की पहचान दीपक पाल के रूप में हुई है वह नशे का आदी है।

