पीएम मोदी के दौरे तक श्योपुर नो फ्लाइंग जोन, 10 किमी क्षेत्र एसपीजी की निगरानी में
श्योपुर. श्योपुर के कराहल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन से पहले एसपीजी जमीन से लेकर आसमान तक की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में लगी है। पीएम के दौरे तक कराहल को नो फ्लाइंग जोन में कन्वर्ट कर दिया गया है। यहां बिना एसपीजी की अनुमति के कोई उड़ान आसमान में नहीं भरी जा सकेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को श्योपुर के कराहल आएंगे। यहां वह कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से आए चीतों को क्वारंटाइन बाड़े में छोड़ेंगे। साथ ही कराहल में आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्म निर्भर हुई दीदियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पीएम के आगमन को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारी चल रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से इंतजाम किए गए हैं। कुछ दिनों पहले ही एसपीजी की टीम ने तमाम तैयारी का जायजा लिया। प्रधानमंत्री का सुरक्षा घेरा तीन लेयर में रहेगा। जिसमें एसपीजी और राज्य सरकार दोनों की भूमिका होगी।
पीएम के लिए सुरक्षा व्यवस्था
पीएम की सुरक्षा में पहले लेयर पर एसपीजी की टीम तैनात रहेगी। एसपीजी ने मोर्चा थाम भी लिया है। बुधवार को कराहल के आइटीआइ में दिल्ली से आए एसपीजी के अधिकारियों ने कलेक्टर-एसपी सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
तीन एडीजी, चार आइजी सहित 47 आइपीएस व पांच हजार अधिकारी-जवान तैनात रहेंगे
पीएम मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने तगड़ी व्यवस्था की है। 3 एडीजी और 4 आइजी रैंक के अधिकारी के 47 आइपीएस रहेंगे। जबकि एएसपी, डीएसपी से लेकर आरक्षक तक करीब 5 हजार जवानों को सुरक्षा में तैनात किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल के आसपास की ऊंची इमारतों पर स्नायपर के साथ ही पुलिस के जवान अत्याधुनिक हथियारों से लैस जवान तैनात रहेंगे।
एसपीजी ने कूनो को अपने कब्जे में लिया
एसपीजी के वरिष्ठ अधिकारी श्योपुर के कराहल पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही एसपीजी ने कार्यक्रम स्थल के अलावा कूनो का वह क्षेत्र जहां पीएम मोदी चीतों को छोड़ेंगे, उसे अपने कब्जे में ले लिया है। एसपीजी के जवान एफएनएफ-2000 असाल्ट रायफल, आटोमेटिक गन और सबसे खतरनाक 17 एम पिस्टल से लैस रहते हैं। यह कमांडो अपने आसपास होने वाली हर गतिविधि पर अपनी नजर रखते हैं। इसके लिए वह एक खास तरह का चश्मा पहनते हैं। इस चश्मे से हमले के वक्त भी बड़ी आसानी से देखा जा सकता है। एसपीजी कमांडो सबसे हल्के और मजबूत बुलेट प्रूफ जैकेट पहनते हैं। इसके अलावा बताया जा रहा है कि एसपीजी कमांडो एक ऐसी रायफल ला रहे हैं जो एक मिनट में 800 राउंड फायर कर सकती है।
100 मीटर रेंज में मोबाइल नहीं करेंगे काम, जैमर उपकरण पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कारवां जिस स्थान से गुजरेगा, उससे 100 मीटर की दूरी पर मोबाइल फोन काम करना बंद कर देगा। ऐसा इसलिए क्योंकि इनके दस्ते में जैमर से लैस एक गाड़ी रखी जाएगी। जैमर गाड़ी बुधवार को श्योपुर पहुंच चुकी है हालांकि इसे कहा रखा गया है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।

