Newsराजनीतिराज्य

पिकनिक मनाने गये युवक की तिघरा में डूबने से हुई मौत, चचेरे भाईयों के साथ पार्टी कर तिघरा में नहाने उतरा फिर नहीं आया बाहर

ग्वालियर. शुक्रवार के तिघरा जलाश्य में पिकनिक करने गये युवक की नहाते वक्त तिघरा में डूबकर मौत हो गयी। युवक के साथ उसके दोस्त व चचेरे भाई भी साथ थे। उन्होंने बचाने का प्रयास किया। लेकिन वह बचा नहीं सके। उनके सामने ही युवक पानी के भीतर समाता चला गया।
पुलिस को खबर मिली तो घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू टीम को बुलवाकर शव को जलाश्य से बाहर निकलवाया है। पुलिस ने शव को निगरानी में ले लिया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
शहर के गढ्ढे वाला मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय सनी कुशवाह अपने दोस्तों व परिवार के कुछ भाईयों के साथ शुक्रवार को मोटरसाईकिल से पिकनिक मनाने तिघरा पहुंचे थे। तिघरा पहुंचकर सभी ने मटन बनाया था। मटन खाने के बाद सभी लोग नहाने उतरे, लेकिन सनी कुछ अधिक गहरे पानी में चला गया। जब वह डूबने लगा तो उसका साथियों की नजर उस पर पड़ी। सभी ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन कुछ ही पलों में वह गहरे पानी के नीचे कहीं समा गया। हादसे के बाद उसके भाईयों ने मामले की सूचना डायल 100 को फोन कर दी और इसके बाद स्वयं तिघरा थाने जाकर पुलिस को खबर दी। पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गयी। लेकिन सनी कहीं नजर नहीं आ रहा था। पुलिस ने ग्वालियर से रेस्क्यू टीम को बुलाया और तलाश शुरू कर दी।
2 घंटे बाद मिला शव
पुलिस ने शव को तलाश करने के लिए रेस्क्यू दल को बुलाया और छानबीन शुरू की। शाम 5 बजे से अभियान चलाया गया और शाम 7 बजे तक रेस्क्यू टीम वापस लौटने वाली थी तभी उनको सनी का शव मिल गया। जिसके बाद पुलिस ने शव को बरामद कर डेड हाउस में रखवा दिया है।
पुलिस का कहना
तिघरा थाना पुलिस का कहना है कि नहाते समय गहराई में जाने से एक युवक की मौत हुई है। साथियों का कहना है कि उसने बचाने का प्रयास किया लेकिन बचा नहीं सके। घटना कैसे और किन परिस्थिति में हुई पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *