पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए महत्वपूर्ण है तकनीकी दक्षता : ADG
ट्रेनी IPSc अधिकारियों को जमीनी स्तर पर डिजिटल टूल का उत्कृष्टता से प्रयोग करने के दिए टिप्स
भोपाल, मध्य प्रदेश में पदस्थ भारतीय पुलिस सेवा 2021 बैच के 09 परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने पुलिस मुख्यालय स्थित राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (SCRB) में पहुंचकर पुलिस के कार्यों में उपयोग की जा रही सूचना एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित तकनीकों की जानकारी ली। इस सत्र में SCRB द्वारा किए जा रहे कार्या की जानकारी प्रजेंटेशन के माध्यम से दी गई। इस दौरान 2021 बैच में मध्य प्रदेश को आवंटित भारतीय पुलिस सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारी अभिषेक रंजन, आदर्श कांत शुक्ला, आनंद कलादगी, अंकित सोनी, आयुष गुप्ता, कृष्ण लालचंदानी, मयूर खंडेलवाल, श्री नरेन्द्र रावत तथा सुश्री विदिता डागर सम्मिलित हुए।
एडीजी (SCRB) चंचल शेखर ने अधिकारियों को बताया कि अपराधों का निराकरण करने में जमीनी स्तर पर इन डिजीटल तकनीक और टूल का प्रयोग करें। परिवीक्षाधीन अवधि के दौरान अपने समय का पुलिसिंग के नए टूल्स सीखने में उपयोग करें। जिससे आपके कार्य की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बढ़े और नागरिकों को शीघ्र एवं सुलभ न्याय प्राप्त हो सके। खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा और वंचितों को न्याय दिलाने के प्रति सदैव अग्रसर रहें। प्रजेंटेशन के दौरान CCTNS , NAFIS (नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम), ई-विवेचना ऐप, ई- एफआईआर, एमपी ई-कॉप सहित विभिन्न टूल्स के बारे में जानकारी दी।इस भ्रमण के दौरान एआईजी (SCRB) हेमंत चौहान एवं एएसपी श्रीमती प्रांजलि शुक्ला साथ के SCRB के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

