पंजाब के 2 किसानों से 60 ठगने वाले लाखन सिंह बौद्ध को ग्वालियर से पुलिस गिरफ्तार कर ले गई
ग्वालियर. फतेहगढ़ साहिब के 2 किसानों से 60 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में फतेहगढ़ पुलिस दिव्यांग लाखन सिंह बौद्ध को ग्वालियर से गिरफ्तार कर ले गई है। जिले के थाना पिछोर, तहसील डबरा के गांव अजयगढ़ का रहने वाला लाखन सिंह व्हीलचेयर के सहारे चलता है। आरोपित समूचे देश में सम्यक समाज संघ का प्रमुख है। ग्वालियर में 2 अप्रैल को हुई हिंसा में इसकी प्रमुख भूमिका बताई जाती है। थाटीपुर और मुरार सहित अन्य थानों में इस पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत 30 से अधिक प्रकरण दर्ज है। शहर की क्राइम ब्रांच ने लाखन को आगरा से गिरफ्तार किया था और वह सभी प्रकरणों में अभी जमानत पर था।
आरोपित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सरहिद फतेहगढ़ साहिब के दोनों किसानों से उनके बेटों को अमेरिका भेजने के नाम पर 60 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस ने शनिवार को आरोपित को फतेहगढ़ साहिब की अदालत में पेश कर दो दिनों का रिमांड हासिल किया है। रिमोड के दौरान आरोपित से धोखे से ऐंठी गई रकम और उसके फरार दो साथियों के बारे में पता किया जाएगा। ठगी में एक महिला को भी नामजद किया गया है हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

