नगर निगम ने 3 अवैध बार को तोड़ा, अधिकारियों को कार्रवाई से रोका तो पुलिस ने वीआईपी बार के संचालक को हिरासत में लिया
इंदौर. नगर निगम अधिकारियों ने गुरुवार सुबह अगल-अलग तीन जगहों पर तीन बार को ध्वस्त कर दिया है। आरोप है कि तीनों बार का निर्माण अतिक्रमण कर किया गया था। नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने बुधवार रात को ही अधिकारियों को कार्रवाई के संकेत दिए थे। इसके तहत आज रीजनल पार्क के पास लगभग 3000 स्क्वायर फीट पर बने देवेन्द्र उर्फ हैप्पी सलूजा के वीआईपी बार, 1000 स्क्वायर फीट पर बने रूबल भाटिया का पंजाबी बाय नेचर बार और छोटा बागड़दा इलाके में 8000 स्क्वायर फीट पर बने लक्की के पैराडाइज बार को ध्वस्त कर दिया। नकली शराब कांड मामले में लक्की के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की गई थी।
निगम की टीम से बार संचालकों ने किया विवाद
रीजनल पार्क पर वीआईपी बार को तोड़ने पहुंची निगम की टीम को संचालक ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान विवाद हुआ तो पुलिस ने संचालक देवेंद्र उर्फ हैप्पी सलूजा को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि देवेंद्र निगम के अधिकारियों के पास कुछ डॉक्युमेंट लेकर पहुंचा था। उसने दावा किया कि निर्माण की परमिशन ली गई थी, लेकिन निगम के अधिकारियों ने संचालक की बात नहीं मानी और कार्रवाई शुरू की।
पैराडाइज होटल में कुछ दिन पहले पकड़ा गया था जुआ
छोटा बागड़दा स्थित पैराडाइज होटल से कुछ समय पहले जुआ खेलते कुछ लोगों को पकड़ा गया था। सीएसपी जयंत राठौर की टीम ने मामले में कार्रवाई की थी। इस दौरान होटल में अवैध गतिविधियों की भी जानकारी मिली थी लेकिन प्रशासन ने मामला रफा-दफा कर दिया था। कहा जा रहा है कि स्थानीय थाने में होटल संचालक लक्की की काफी अच्छी पहचान थी जिसके चलते स्थानीय लोग अवैध गतिविधियों की शिकायत करने से डरते थे।

