देश विरोधी फेक न्यूज फैलाने वाली 2 वेबसाइट्स और 20 यूट्यूब चैनल बैन
नई दिल्ली. सरकार ने इंटरनेट पर देश विरोधी गतिविधियों और फेक न्यूज फैलाने वाली 2 वेबसाइट्स और 20 यूट्यूब चैनल को ब्लॉक कर दिया है। इंटेलिजेंस एजेंसियों और सूचना और प्रसारण मंत्रालय के साझा प्रयास से इन चैनल और साइट्स की पहचान की गई।
इन वेबसाइट्स और यूट्यूब चैनल को पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था। इनका इस्तेमाल कश्मीर, आर्मी, भारत में अल्पसंख्यक समुदायों, राम मंदिर, सीडीएस जनरल बिपिन रावत जैसे विषयों पर गलत और भड़काऊ पोस्ट करने में किया जा रहा था। वहीं, यूट्यूब चैनल्स ने कृषि कानूनों और सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के मुद्दों पर भी पोस्ट किया था। इन चैनलों के जरिए 5 राज्यों में होने वाले आगामी चुनावों में माहौल खराब करने की आशंका थी।
इन यूट्यूब चैनल पर बैन
बैन किए गए यूट्यूब चैनल्स की लिस्ट इस तरह है- द पंच लाइन, इंटरनेशनल वेब न्यूज, खालसा टीवी, द नेकेड ट्रुथ, न्यूज 24, 48 न्यूज, काल्पनिक, हिस्टोरिकल फैक्ट, पंजाब वायरल, नया पाकिस्तान ग्लोबल, कवर स्टोरी, गो ग्लोबल, ई-कामर्स, जुनैद हलीम ऑफिशियल, तैयब हनीफ और ज़ेन अली ऑफिशियल।
इन चैनल्स के 35 लाख सब्सक्राइबर्स, 55 करोड़ वीडियो व्यूज
केंद्र के मुताबिक, पाकिस्तान से ऑपरेट किए जा रहे नया पाकिस्तान ग्रुप के पास यूट्यूब चैनल्स का एक नेटवर्क है। इसके अलावा कुछ अन्य यूट्यूब चैनल भी हैं, हालांकि इनका नया पाकिस्तान ग्रुप से कोई संबंध नहीं है। इन चैनल्स के पास करीब 35 लाख सब्सक्राइबर और 55 करोड़ वीडियो व्यूज हैं। कुछ यट्यूब चैनल्स को पाकिस्तानी न्यूज चैनल्स के एंकर्स भी चला रहे थे।

