दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू, शनिवार-रविवार को बंद रहेगी राजधानी
नई दिल्ली. दिल्ली में बढ़ते कोरोना केस और ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए वीकेंड कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके तहत शनिवार और रविवार को दिल्ली पूरी तरह बंद रहेगी। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में यह फैसला लिया गया है।
प्राइवेट ऑफिस 50 प्रतिशत कैपिसिटी के साथ काम करेंगे
उन्होंने बताया कि जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी ऑफिस में कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा जाएगा। वहीं, प्राइवेट ऑफिस 50 प्रतिशत कैपिसिटी के साथ काम करेंगे। दिल्ली में सोमवार को 4099 कोरोना केस मिले थे और पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 6.46 प्रतिशत हो गई। दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर सत्येंद्र जैन ने कहा है कि राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह ओमिक्रॉन वैरिएंट है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने वाले पेशेंट्स की संख्या बढ़ने पर और भी प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
बस और मेट्रो पूरी क्षमता के साथ चलेंगे
उपराज्यपाल अनिल बैजल की अध्यक्षता में डीडीएमए की बैठक हुई जिसके बाद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया। फैसले के मुताबिक दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू लगेगा। जरूरी सामान की दुकानें खुली रहेंगी। निजी दफ्तरों में 50 प्रतिशत स्टाफ ही काम करेगा। सरकारी कायालयों में वर्क फ्रॉम होम लागू होगा। केवल अनिवार्य सेवाओं के कार्यालय खुले रहेंगे। बस और मेट्रो पूरी क्षमता के साथ चलेंगे लेकिन बिना मास्क के किसी को अनुमति नहीं रहेगी।

