दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी
नई दिल्ली. आतिशी को दिल्ली का नया सीएम बनाया जा रहा है। आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गयी है। आम आदमी पार्टी की ओर से इसका ऐलान भी कर दिया गया है। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज शाम 4.30 बजे राज्यपाल (एलजी) वीके सक्सेना से मुलाकात करेंगे। इस बीच ही केजरीवाल सीएम पद से त्यागपत्र देंगे। इस्तीफे के साथ ही एलजी को विधायक दल के नेता के नाम की चिट्ठी भी सौंपी जा सकती है। आपको बता दें कि केजरीवाल ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वह दो दिन बाद दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा देकर जनता की अदालत में जायेंगे।
यह एक विधायी प्रक्रिया है: LG वीके सक्सेना
दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने कहा,’सीएम (अरविंद केजरीवाल) शाम 4.30 बजे मुझसे मिलने वाले हैं. उनका स्वागत है. आतिशी के नाम की सिफारिश की गई है. यह एक विधायी प्रक्रिया है. उन्हें विधायकों ने चुना है. उनका भी स्वागत है.’
दिल्ली का एक ही मुख्यमंत्री है, वह अरविंद केजरीवाल है: आतिशी
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री चुनी जाने के बाद आतिशी ने प्रेस कांफ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने कहा,’अरविंद केजरीवाल ने मुझ पर भरोसा किया. विधायक, मंत्री और फिर आज सीएम बनाया. मैं खुश हूं कि उन्होंने मुझ पर इतना भरोसा जताया. खुश भी हूं और दुखी भी. दुख इसलिए कि मेरे बड़े भाई अरविंद केजरीवाल आज इस्तीफा दे रहे हैं. एक ऐसा आदमी जो अपनी IRS की नौकरी छोड़कर सेवा के लिए राजनीति में आया. ऐसे ईमानदार आदमी पर बीजेपी ने झूठे केस किए किए गए. दिल्ली का एक ही मुख्यमंत्री है और वो नाम है अरविंद केजरीवाल.’

