थाने से पिस्टल गायब होने के मामले में थाना प्रभारी से मांगा जवाब
ग्वालियर. थाटीपुर थाने के मालखाने से पिस्टल गायब होने के मामले में थाना प्रभारी और मालखाने की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों से जवाब मांगा गया है। थाटीपुर स्थित जोशी कालोनी में रहने वाले नीलेश शर्मा ने नगर निगम चुनाव से पहले पिस्टल जमा करवाई थी। वह जब पिस्टल वापस लेने के लिए पहुंचे तो पिस्टल गायब थी। काफी ढूंढने के बाद भी पिस्टल नहीं मिली। इसके बाद नीलेश शर्मा ने सीएम हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत की।
इस मामले को प्रमुखता से उठाया, इसके बाद पुलिस अधिकारी भी हरकत में आए। एसएसपी अमित सांघी ने सीएसपी मुरार ऋषिकेष मीणा को इस मामले की जांच सौंपी है। सीएसपी मुरार ने थाना प्रभारी और मालखाने की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किया है। पिस्टल नहीं मिली तो जिम्मेदारों पर एफआइआर से लेकर विभागीय कार्रवाई तक की तलवार लटक रही है। उधर थाटीपुर थाने के मालखाने से हथकड़ी और चाबी भी गायब हुई थी, इसे लेकर सीएसपी मीणा का कहना है कि मालखाने में यह कहीं दब गई थी।

