ट्रेड डील और डिपोर्टेशन पर होगी अमेरिकी उपराष्ट्रपति से चर्चा? 4 दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं
नई दिल्ली. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 4 दिवसीय दौरे पर कल भारत आ रहे हैं। इस यात्रा के बीच उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। इससे पहले कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि क्या पीएम अमेरिकी धरती से भारतीय नागरिकों के डिपोर्टेशन और मल्टीलेटरल ट्रेडसिस्टम की तबाही से पहले भारत की चिंताओं को उनके सामने पेश करेंगे। कांग्रेस ने यह भी पूछा है कि क्या पीएम भारतीय स्टूडेंट्स की चिंताओं पर चर्चा करेंगे। कई सवालों के साथ कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा है कि क्या पीएम अमेरिका द्वारा पेरिस समझौता और विश्व स्वास्थ्य संगठन से वापिसी पर भारत की चिंताओं का जाहिर करेंगे।
भारत पर न हो असर, द्विपक्षीय व्यापार पर क्या पीएम चर्चा करेंगे
जयराम रमेश ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल किया कि क्या पीएम इस बात को भी स्पष्ट करेंगे कि अमेरिका द्वारा 2015 पेरिस क्लाइमेेट चेंज डील से हटना भारत के करोड़ों लोगों की आजीविका के लिये खतरा पैदा कर सकता है। जयराम रमेश ने आगे पूछा कि क्या पीएम मोदी अमेरिकी नेता के सामने यह जाहिर करेंगे कि भारत द्विपक्षीय व्यापार में किये जा रहे है किसी भी बदलाव के खिलाफ अपने किसानों, उद्योगों और एमएसएमई को प्रभावित न होने देने के लिये प्रतिबद्ध है।
जेडी वेंस 4 दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं
अमेरिका उपराष्ट्रपति वेंस अपनी भारतीय मूल की पत्नी उषा और 3 बच्चों के साथ सोमवार को 4 दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे है। वह दिल्ली में लैंड करेंगे। कल शाम को ही उनकी पीएम मोदी से मुलाकात होगी। जहां पीएम डिनर पर उनकी मेजबानी करेंगे। इनके अलावा दोनों नेताओं के बीच व्यापार, सुरक्षा और अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी।

