ग्वालियर रेलवे स्टेशन में मजदूर के शरीर से सरिया आर-पार,दो सीने में घुसे, चेन बेल्ट का लॉक खुलने से नीचे गिरा
ग्वालियर. रेलवे स्टेशन की छत से एक मजदूर गिर गया। इस दौरान उसके पेट और सीने में तीन सरिए घुस गए। दो सरिए पेट और हाथ में घुसे, एक सरिया सीने से आर-पार हो गया। घटना मंगलवार दोपहर की है। साथी मजदूर और ठेकेदार घायल मजदूर को जयारोग्य हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दरअसल, इन दिनों रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। छत पर काम करने के लिए मजदूर एक चेन बेल्ट पर खड़ा था। यह ठीक से लॉक नहीं थी लॉक खुलते ही मजदूर नीचे गिर गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चेन बेल्ट अनलॉक होने से नीचे गिरा
घायल मजदूर छोटू जावट (30) शहर के उपनगर में घासमंडी का रहने वाला है। मंगलवार सुबह 8 बजे वह घर से काम पर निकला। वह प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर काम कर रहा था। दोपहर में पोल निर्माण के लिए छत पर काम करने पहुंचा।यहां छत पर आधे में लटक कर काम करना होता है। एक चेन बेल्ट होती है। इस पर खड़े होकर मजदूर काम करते हैं। चेन बेल्ट जगह-जगह पर लॉक रहती है। जैसे ही छोटू ने पोल से छत की ओर काम शुरू किया, इतने में चेन बेल्ट अनलॉक हो गई और छोटू नीचे जा गिरा। जिस जगह वह गिरा, वहां सरिया खुले पड़े थे।
नीचे पड़ा एक सरिया सीने से पार
प्लेटफार्म नंबर चार पर गिरते ही मजदूर गंभीर घायल हो गया था। पेट और हाथ में सरिया घुस गया। एक तो सीने से आर-पार हो गया। फौरन ठेकेदार उसे अस्पताल लेकर गया। जब उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया तो सरिया शरीर के आर-पार ही था। डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन कर सरिया निकाल दिया है।
ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
छोटू के परिजन ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण और ट्रेनिंग के ऊपर काम करने के लिए चढ़ा दिया। इसीलिए ये हादसा हुआ।

