ग्वालियर में सुबह से बारिश जारी, जरा सी वर्षा से सड़कें बनी तालाब
ग्वालियर. ग्वालियर में रविवार सुबह से बारिश जारी है। रुक-रुक रिमझिम बारिश हो रही है। कभी धीमी तो कभी तेज बारिश से कुछ ही समय में सड़कें तालाब बन गई हैं। दिन का तापमान एक दम नीचे आ गया है। दोपहर 12 बजे तक 26 डिग्री सेल्सियस तापमान ही दर्ज किया गया है। अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण मौसम सुहाना हो गया है। रविवार, फ्रेंडशिप डे और रिमझिम बारिश के चलते शहर के लोग भी पिकनिक के मूड में नजर आए हैं। शहर के आसपास के पिकनिक स्पॉट तिघरा डैम, भदावना का झरना आदि पर काफी संख्या पर लोग पहुंचे हैं।
मध्य प्रदेश में इंदौर, भोपाल, जबलपुर में बारिश हो रही थी, लेकिन चंबल अंचल काफी दिनों से अच्छी बारिश से अछूता था, लेकिन अगस्त के पहले सप्ताह के आखिर दिन में यह कमी भी पूरी हो गई। रविवार सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। इससे पहले शनिवार को मौसम के तीन रूप देखने को मिले थे। सुबह धूप के साथ उमस भरी तेज गर्मी ने लोगों को बैचेन किया था दोपहर में अचानक बादल छाए और जमकर बरसे। एक घंटे में इस सीजन की सबसे ज्यादा 54.6 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। उसके बाद रविवार से भी सुबह से बादल बरस रहे हैं। दोपहर तक 8.7 MM बारिश हो चुकी है।

