ग्वालियर में रिमझिम, अशोकनगर समेत कई जिलों में तेज बारिश
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में इस बार नौतपा में भी आंधी-बारिश वाला मौसम है। सोमवार को ग्वालियर में रिमझिम बारिश हुई। वहीं अशोकनगर, आगरमालवा समेत कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ पानी गिरा। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में 21 जिलों में तेज आंधी और बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इनमें इंदौर, छिंदवाडा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी, शिवपुरी, धार, खरगोन, बडवानी में तेज आंधी चल रही है। हवा रफ्तार 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहेगी। इसी तरह बैतूल, मंडला, अनूपपुर, शहडोल, खंडवा, रतलाम में बारिश होने की संभावना है। मंदसौर, उज्जैन, आगरा-मालवा, राजगढ, श्योपुर, अशोकनगर में भी मौसम बदला रहेगा।
पिछले 24 घंटे में 15 से अधिक जिलों में बारिश
पिछले 24 घंटे में 15 से अधिक जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, रायसेन, सागर, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, सिंगरौली और नीमच जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर समेत पूरे प्रदेश में दिन के पारे में गिरावट रही। सिर्फ एक शहर खजुराहो में ही पारा 40 डिग्री पहुंचा।

