ग्वालियर में पत्नी को तेजाब पिलाने वाला दिल्ली से गिरफ्तार, जांच में लापरवाही पर एएसआई सस्पेंड, थाना प्रभारी भी निलंबित
ग्वालियर. ग्वालियर के डबरा में 3 लाख रुपए के लिए पत्नी को तेजाब पिलाने वाले वीरेन्द्र कुमार जाटव को पुलिस ने बुधवार को दिल्ली से अरेस्ट कर लिया है। मामले में लापरवाही बरतने वाले एक एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया है। पत्नी को एसिड पिलाने के बाद आरोपी 24 दिन से उसकी देखभाल का ड्रामा करता रहा। वह जानता था कि यदि पत्नी की बिना बयान दिए मौत हो गई तो वह पुलिस से बच जाएगा लेकिन दो दिन पहले पत्नी के बयान देने के बाद राज खुल गया। पुलिस उसे लेकर डबरा थाने आ गई है। घायल महिला के भाई ने इलाज कराने की मांग की है साथ ही घटना के पीछे की कहानी भी बयां की है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार ग्वालियर के घाटीगांव सिमरिया निवासी 22 साल की शशि जाटव की शादी 17 अप्रैल 2021 को डबरा के रामगढ़ वीरेन्द्र कुमार जाटव के साथ हुई थी। शादी में शशि के मायके वालों ने 10 लाख रुपए खर्च किए थे। लॉकडाउन के बाद वीरेन्द्र ने नई का खरीदने के लिए पत्नी को मायके से 3 लाख रुपए लाने के लिए कहा। इस बात से इनकार करने पर वह शशि के साथ मारपीट करता था। 27 जून की रात को वीरेंद्र ने शशि पर एक बार फिर 3 लाख रुपए लाने के लिए दबाव डाला इस बार मना करने पर वीरेंद्र ने शशि को जबरन एसिड पिला दिया। शशि की हालत खराब हो गई। शोर मचाने पर घर के अन्य लोगों और आसपास के लोगों ने उसे गंभीर हालत में ग्वालियर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया लेकिन उसकी हालत बेहद खराब होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया इसके बाद डबरा सिटी थाना में सिर्फ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया। उसने दिल्ली में अफसरों को पति के खिलाफ बयान दिया इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले को निगरानी में लिया है।
लापरवाही पर एएसआई सस्पेंड, थाना प्रभारी भी निलंबित
देहात एएसपी जयराज कुबेर का कहना है कि मामले में तत्काल एक्शन नहीं लेने और जांच में लापरवाही बरतने पर डबरा थाना सिटी के एएसआई ब्रह्मा कुमार दीक्षित को सस्पेंड कर दिया गया। आरोपी वीरेन्द्र जाटव को अरेस्ट कर लिया गया है। इसी मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद डबरा सिटी के थाना प्रभारी को भी निलंबित कर दिया गया है।

