ग्वालियर में त्योहार पर नहीं चलेगी रंगबाजी, पूरे शहर में तैनात रहेंगे 1 हजार जवान
ग्वालियर.रंगों के त्यौहार पर रंगबाजी दिखाने वाले सिर नहीं उठाएं इसलिए पुलिस ने सडक़ पर उतर आई है। रविवार 80 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की टीम गुंडे बदमाशों की सूची लेकर निकली। एएसपी ऋषिकेश मीणा ने बताया जिन लोगों के नाम अपराधियों में दर्ज हैं उनके घर पुलिस की टीम पहुंची। इन लोगों से पूछा कि गुजर बसर कैसे कर रहे हो। फिर समझाया कि त्यौहार पर हरकत नहीं होना चाहिए। किसी ने भी खुराफात की तो उसे शंट करने में देर नहीं लगेगी। शांति से त्यौहार मनाओ और दूसरे को भी चैन अमन से रहने दो।
1 हजार जवान होंगे तैनात
होली पर हरकती किसी तरह का खलल नहीं डालें इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि होली वाले दिन पुलिस सुबह 7 बजे से फील्ड में आ जाएगी। शहर और देहात में करीब 1 हजार जवान तैनात रहेंगे। इस दौरान थाना स्तर पर पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग करेंगी।

