ग्वालियर में चोरों ने गोलियां चलाई, एक घायल
ग्वालियर. शिवपुरी से लोडिंग वाहन चोरी कर भाग रहे चोर गिरोह का ग्वालियर के पनिहार में गांव के लोगों से आमना-सामना हो गया। चोरों ने अपने आप को घिरता देख ग्रामीणों पर गोलियां चला दी। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की जिस पर चोरी लोडिंग वाहन सहित अपनी कार छोडकर भाग गए। यह चोर शिवपुरी से एक लोडिंग वाहन चोरी कर पनिहार के रास्ते से मुरैना की तरफ भाग रहा था। चोरों की गाडी एक ग्रामीण की गाडी से टकरा गई थी जिसके बाद विवाद हुआ है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर चोरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
मुरैना का एक वाहन चोर गिरोह शिवपुरी से लोडिंग जीप एमपी 07 जेडबी 9620 चोरी कर ग्वालियर के देहात पनिहार थाना क्षेत्र के मिर्चा गांव के रास्ते से भाग कर जा रहा था। गिरोह के कुछ सदस्य अपनी कार एमपी 33 जीओ 542 में सवार थे। बाकी सदस्य चुराई गई लोडिंग में थे। मिर्चा गांव के रास्ते पर चोरों ने स्कूटर चालक भूरा गुर्जर को कट मार दिया। जिसे लेकर चोरों से भूरा का विवाद हो गया। चोर हावी हुए तो भूरा ने अपने भाई राघवेन्द्र को मदद के लिए ग्रामीणों को बुला लिया। जिस पर ग्रामीणों की भीड़ को आता देख और खुद को घिरता पाकर चोरों ने गोली चला दी। गोली चलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक गोली राघवेन्द्र नाम के युवक के पैर में जा लगी। जिससे वहां घायल हो गया। गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक चोर गिरोह चोरी का वाहन और अपनी कार को वही छोड़ जंगल की तरफ भागकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस ने घायल युवक को जयारोग्य अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। जहां उसकी जान खतरे से बाहर है। वहीं पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

