ग्वालियर, भोपाल, इन्दौर और डिंडोरी कलेक्टर जायेंगे ट्रेनिंग पर, मिड करियर ट्रेनिंग के लिये 53 आईएएस चिन्हित
भोपाल. मध्यप्रदेश कैडर के 53 आईएएस अधिकारियोें को जून से शुरू होने वाली मिड करियर ट्रेनिंग के लिये बुलाया गया है। लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी ने ऐसे अधिकारियों की सूची जारी कर 16 मई तक के लिये रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिये है। सूची में मोहन सरकार के ग्वालियर, भोपाल और इन्दौर सहित 4 जिलों के कलेक्टर और सीएम सचिवालय में पदस्थ दोनों सचिव भी शामिल है। सूची में शामिल अधिकारियों को लेकर कहा गया है कि यह अधिकारी किसी न किसी कारण या बहाना बनाकर ट्रेनिंग से बच रहे हैं। जबकि वर्किंग एफिशिएंसी में सुधार के लिये यह ट्रेनिंग जरूरी है। यह सभी 53 अधिकारी सचिव व अपर सचिव कैडर के अधिकारी है।
इस ट्रेनिंग के लिए बुलाए गए देश भर के कुल 779 अफसरों को 16 मई तक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहा गया है। अफसरों को ट्रेनिंग में शामिल होने की सहमति 26 मई तक देने के लिए कहा गया है। इस ट्रेनिंग में 2011 बैच के अफसरों को पहला अवसर, 2010 बैच के अफसरों को दूसरा मौका और 2009 बैच के अफसरों को तीसरा प्रशिक्षण मौका दिया जा रहा है। जो अफसर 31 दिसम्बर 2028 के पहले रिटायर हो रहे हैं, उन्हें इस प्रशिक्षण के लिए पात्र नहीं माना गया है।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर कलेक्टर के भी नाम
ट्रेनिंग के लिए पात्र अफसरों की सूची में मुख्यमंत्री सचिवालय के दोनों सचिव सीबी चक्रवर्ती एम, टी इलैया राजा के भी नाम हैं। इसके अलावा चार जिलों के कलेक्टर आशीष सिंह इंदौर, कौशलेंद्र विक्रम सिंह भोपाल, रुचिका चौहान ग्वालियर, नेहा मारव्या सिंह डिंडोरी के भी नाम हैं। एमपीएसआईडीसी के एमडी चंद्रमौलि शुक्ला, सचिव वित्त विभाग लोकेश कुमार जाटव, एमडी एमपीआरडीसी भरत यादव, आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय शिल्पा गुप्ता, संचालक कृषि अजय गुप्ता, सचिव राज्य निर्वाचन आयोग अभिषेक सिंह, आयुक्त स्वास्थ्य तरुण राठी, आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल, राज्यपाल के सचिव उमाशंकर भार्गव का नाम भी प्रशिक्षण के लिए चिह्नित अफसरों की सूची में शामिल है।

