ग्वालियर-चंबल संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट
ग्वालियर. मध्यप्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी है। मई के बाद जून में भी प्रदेश के किसी न किसी जिले में बारिश हो रही है। मंगलवार को उज्जैन, नीमच, मंदसौर और धार में तेज बारिश हुई। भोपाल-इंदौर के कुछ इलाकों में भी रिमझिम बारिश हुई।
उज्जैन में सुबह करीब 11.45 पर तेज बारिश शुरू हुई, जो आधे घंटे तक चली। इसके बाद धूप निकल आई। धार के मनावर में तेज हवाओं के साथ पानी गिरा। नीमच के जावद में 2 घंटे की लगातार बारिश में मोरवन नाला ओवरफ्लो हो गया। मंदसौर में सुबह 10 बजे से कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश जारी है। जिले के खजूरी आंजना गांव में नाले उफान पर आ गए हैं। रायसेन में 15 मिनट की बारिश में सड़कों पर पानी भर गया। खरगोन में भी थोड़ी देर की बारिश में अनाज मंडी में पानी भरने से मक्का भीग गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में मध्यप्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इंदौर शहर के अलावा झाबुआ, अलीराजपुर, धार, जबलपुर, उमरिया, रीवा, सतना, शहडोल और नरसिंहपुर जिले में बारिश का अलर्ट है। इसी तरह भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभाग में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।

