गृह मंत्री नरोत्तम बोले ‘मधुबन में राधिका नाचे’ गाना तीन दिन में नहीं हटाया तो FIR होगी
भोपाल. बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी के गाने ‘मधुबन में राधिका नाचे’ मध्य प्रदेश में भी बवाल मच गया है। प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सनी लियोनी से माफी मांगने को कहा है। गृह मंत्री मिश्रा ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार सनी लियोनी के नए गाने पर विधि विशेषज्ञों से परामर्श ले रही है। 3 दिन के अंदर यदि सनी लियोनी गाने को लेकर माफी नहीं मांगती हैं और यूट्यूब से गाना नहीं हटाया जाता है तो सरकार सनी लियोनी और शारिब तोशी के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई करेगी।
बता दें कि सनी लियोनी के ‘मधुबन ’ गाने को सारेगामा म्यूजिक के यूट्यूब पर रिलीज किया गया है। ये पार्टी सॉन्ग है, जिसे सनी लियोनी पर फिल्माया गया है। ये गाना साल 1960 की फिल्म ‘कोहिनूर’ में मोहम्मद रफी के गाने ‘मधुबन में राधिका नाचे’ पर आधारित है। कनिका कपूर और अरिंदम चक्रवर्ती ने इस गाने को आवाज दी है। सनी ने इस गाने का जमकर प्रमोशन भी किया, लेकिन गाना विवादों में फंस गया। 22 दिसंबर को उनका यह गाना रिलीज हुआ था। उत्तर प्रदेश के मथुरा के संतों ने भी इस गाने के वीडियो पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर चुके हैं।

