गाय को बचाने हाइवे पर कैंटर पलटा, 47 श्रद्धालु घायल, 15 ग्वालियर रेफर
भिंड. गोहद चौराहा थाना अंतर्गत भिंड के भागमल का पुरा से नरवर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी गाडी रविवार रात को ग्राम छीमका के पास हादसे का शिकार हो गई। गाडी रास्ते में अचानक सडक पर आई गाय से टकराई और अनियंत्रित होकर पलट गई। जानकारी के अनुसार यूपी नंबर की कैंटर यूपी84 टी 0737 में 70 से 80 लोग सवार थे। घटना में लगभग 47 लोग घायल हो गए। घायलों में 25 से 30 लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए गोहद अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं गंभीर रूप से घायल 15 लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही गोहद पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनीष धाकड और एसडीओपी महेंद्र गौतम ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों की दद से रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला गया। वहीं ग्रामीणों के अनुसार सभी लोग नरवर में जवारे ले जाने के लिए रवाना हुए थे। गाडी में संख्या अधिक होने और गाय से टकराने के बाद वाहन का संतुलन बिगड गया जिससे यह पलट गया। फिलहाल पुलिस ने गाडी को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। घायलों के परिजन भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंच गए है।

