कृषिमंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के गढ़ किसान करेंगे प्रदर्शन, लखीमपुरी खीरी में मृत किसानों की अस्थियां ग्वालियर पहुंची
ग्वालियर. लखीमपुरी खीरी में किसान आन्दोलन कर लौट रहे किसानों पर बीजेपी नेता व केन्द्रीय गृहराज्यमंत्री के बेटे ने गाड़ी चढ़ा दी थी। जिसके बाद काफी हंगामा हुआ था। अब मृत किसानों की अस्थियां ग्वालियर पहुंच गयी है। यहां अखिल भारतीय किसान सभा ने स्टेशन पर अस्थियों की आगवानी की है। अब 4 दिवसीय ग्वालियर चम्बल संभाग और केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के गढ़ में किसान आन्दोलन कर कलश यात्रा निकालेंगे। यात्रा के दौरान यहां किसानों को केन्द्र सरकार की काली किसान नीतियों, कानून के बारे बताकर जागरूक किया जायेगा और साथ ही केन्द्र सरकार को उखाड़ फेंकने की बात भी कही जायेगी। अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष जसविंदर सिंह ने कहा है कि जब तक यह कानून वापिस नहीं होता और किसान विरोधी केन्द्र सरकार को उखाड़ फेंक देते तब किसान चुपचाप नहीं बैठेंगे।
मृत किसानों की अस्थियां शहर में
इस घटना के बाद लखीमपुरी खीरी समेत पूरे देश में किसानों ने प्रदर्शन किया था। मृत किसानों को शहीद का दर्जा दिया गया था। इन 5 किसानों के अंतिम संस्कार करने के बाद अस्थियों को गंगा में विसर्जित नहीं किया गया है। इनके अस्थि कलश बनाकर पूरे देश में केन्द्र सरकार की काली कृषि नीतियों के खिलाफ रखा जा रहा है। रविवार की रात को अस्थि कलश अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष जसविंदर सिंह तेलंगाना एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचे। स्टेशन पर अस्थि कलश को किसान आन्दोलन के नेताओं ने ग्रहण किया एवं इसे किसान सभा के नयी सड़क स्थित जिला कार्यालय पर सम्मानपूर्वक रखा गया है। अब 26 अक्टूबर से अस्थि कलश यात्रा ग्वालियर चम्बल संभाग में निकाली जायेगी। अस्थि कलश लेने पहुंचे किसान नेताओं में अखिलेश यादव, तलविंदरसिंह, पीपी शर्मा, रामबाबू जाटव, जसविंदर सिंह, नाहर सिंह, गुरदीप सिंह, शिवचरण पटेल, राजेन्द्र सविता, सिद्धेश्वर शर्मा वकीलसिंह लोधी, रूपसिंह कुशवाह, कश्मीर सिंह, बीपी गणक, बीरबल सिंह केन, अवतार सिंह, और मातादीन धनावत आदि शामिल थे।
कृषि मंत्री गढ़ में किसान निकालेंगे कलश यात्रा
अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश सचिव अखिलेश यादव ने बताया कि केन्द्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ किसान भाइयों को और जागरूक करने और किसान आंदोलन के बारे में बताने के लिए पांच शहीद किसानों की अस्थियों को कलश यात्रा के रूप में केन्द्रीय कृषि मंत्री के गढ़ ग्वालियर-चंबल में प्रदर्शन किया जाएगा। इसी तरह से अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष जसविंदर सिंह ने बताया कि पूरे देश में किसान, केन्द्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में लखीमपुर खीरी में आंदोलन से लौट रहे किसानों पर गाड़ी चढ़ा दी। पांच किसानों की मौत हुई। केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे को पकड़ने से काम नहीं चलेगा, लेकिन केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री जिन्होंने धमकाया खुलेआम धमकी दी उन पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

