कांग्रेस नेता ने फाइव स्टार होटल में भीख मांगने वाली महिलाओं के साथ किया भोजन
भोपाल. मंदिरों की दहलीज पर भीख मांगकर पेट पालने वाली बुजुर्ग महिलाओं के लिये 6 नवम्बर का दिन यादगार बन गया। मप्र कांग्रेस कमेटी के मनोज शुक्ला ने इन माता बहनों को होटल लेकर पहुंचे और उनके साथ यह अनूठा ‘‘दीपावली मिलन’’ सेलीब्रेट किया गया। लगभग 2 दर्जन माता बहनों ने फाइव स्टार होटल जहनुमा पैलेस में दोपहर का भोजन किया।
मनोज शुक्ला ने बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में वर्षो से बुजुर्ग मातायें -बहनें भीख मांग रही हैं। मनोज ने इन माता बहनों के साथ भोजन किया और उनके दुःख दर्दो पर चर्चा की। शुक्ला ने बताया कि इनके बच्चे भी है। वह भी भीख मांगकर ही पेट पालते हैं। उन्हें मजदूरी तक नहीं मिल रही हे। दिनों दिन बढ़ती महंगाई की वजह से उनके बच्चों के पास भी भीख मांगकर पेट पालने का अलावा कोई चारा नहीं है। इन महिलाओं ने बताया कि उन्हें सरकार की किसी योजना का लाभ नहीं मिलता, न राशन मिलता है, न संबली जैसी योजनाओं का लाभ।
स्थानीय विधायक इनके सामने से कई बार गुजरे, लेकिन इनका दर्द नहीं समझा। 15 सालों से जिस जनता ने उन्हें चुना, वे भिक्षावृत्ति से उबर नहीं पाई। शुक्ला ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इन माताओं के साथ भोजन करने का अवसर मिला। यह मेरी यादगार दीवाली हो गई। प्रदेश सरकार के मंत्री हर साल रक्षाबंधन पर बहनों से राखी बंधवाने का ढोंग करते रहे हैं। यदि वे वास्तव में भाई होने का फर्ज निभा रहे होते, तो महिलाओं की इतनी दयनीय स्थिति नहीं होती। अब तो कोरोना के नाम पर मंत्री जी ऑनलाइन राखी बंधवा कर बहनों का भावनात्मक शोषण कर रहे हैं।

