कश्मीर में ISIS लोन वूल्फ अटैक, ट्रैफिक पुलिस के जवान पर हमले की जिम्मेदारी ली
जम्मू कश्मीर. कुख्यात आतंकी संगठन ISIS ने कश्मीर के राजौरी में दो दिन पहले ट्रैफिक पुलिस के एक जवान को गोली मारने की जिम्मेदारी ली है। जिम्मेदारी लेने के लिए ISIS ने एक खौफनाक वीडियो जारी किया है। 20 सेकेंड के इस वीडियो में दिख रहा है कि जवान गाड़ियों से भरी सड़क पर ट्रैफिक संभाल रहा है। इसी दौरान हाथ में पिस्टल लिए पीछे से एक आतंकी आता है और उसके सिर में गोली मार देता है। इससे जवान सड़क पर गिर जाता है। तब आतंकी दूसरा फायर करता है। फायरिंग करते हुए आतंकी धार्मिक नारे लगाता है। यह वीडियो हमलावर ने खुद ही शूट किया है। हमले के इस तरीके को लोन वूल्फ अटैक कहा जाता है। इसमें हमलावर अकेले और दबे पांव आकर अचानक हमला करता है। इसके बाद भीड़ में खो जाता है।
यह हमला बुधवार को राजौरी के कदल एरिया हुआ था। अब ISIS ने इसकी जिम्मेदारी ली है। जवान की हालत अभी गंभीर है और श्रीनगर के SMHS हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि इस हमले में जिस पिस्टल का इस्तेमाल हुआ था, उसी से अक्टूबर में एक गैर कश्मीरी स्ट्रीट वेंडर की हत्या की गई थी।
आम लोगों को भी निशाना बना रहे आतंकी
कश्मीर में पिछले कुछ महीनों में आतंकी कई आम लोगों की हत्या कर चुके हैं। इनमें श्रीनगर में एक कश्मीरी पंडित दवा कारोबारी, एक कश्मीरी पंडित टीचर, सिख समुदाय की महिला प्रिंसिपल, बिहार का एक स्ट्रीट वेंडर और बांदीपोरा का एक नागरिक शामिल है।

