एटीएम तोड़ने वाले बदमाश को एफआरवी 2 ने बहोड़ापुर व तिघरा मोबाइल की मदद से पकड़ा
ग्वालियर. आधी रात को एटीएम तोड़ने का प्रयास कर रहे एक बदमाश को एफआरवी दो ने बहोड़ापुर व तिघरा मोबाइल की मदद से पकड़ा। समय रहते अगर एफआरवी नहीं पहुंचती तो आरोपी वारदात को अंजाम दे देता। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के उरवाई गेट के पास एक्सिस बैंक के एटीएम पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 11.30 बजे बजे की है।
एफआरवी ने पीछा किया व कंट्रोल रूम को सूचना दी
सीएसपी नागेन्द्र सिंह ने बताया कि बीती रात गश्त करते हुए एफआरवी दो पार पदस्थ आरक्षक राजवीर यादव सैनिक वेदराम व पायलट उरवाई गेट पहुंचे तो वहां पर एक युवक एटीएम से निकलता दिखा, शंका होने पर उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने दौड़ लगा दी। युवक को दौड़ते देखकर एफआरवी ने पीछा किया और कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम में तैनात एएसआई ओपी शर्मा व फरीद खान ने गश्त में निकली बहोड़ापुर मोबाइल व सर्किल गश्त कर रहे थाना प्रभारी तिघरा को भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का निर्देश दिया। जिस पर मोबाइल व एफआरवी ने घेराबंदी की और एक युवक को आधा घंटे की मशक्कत के बाद दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवक ने बताया कि उसका नाम संजय कुशवाह पुत्र भोलाराम कुश्वाह निवासी उरवाई गेट है।

