इमरजेंसी काला अध्याय, 80 लाख हिन्दुओं की नसबंदी की तो राज्यों में हिंदू अल्पसंख्यक रहे गये, अब राहुल गांधी संविधान की किताब लेकर घूम रहे-डॉ. नरोत्तम मिश्रा
ग्वालियर. भाजपा ने बुधवार को आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर संविधान हत्या दिवस मनाया। डबरा में आयोजित कार्यकम में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मुख्य वक्ता रहे। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाई गयी इमरजेंसी देश का काला अध्याय है। उस वक्त न तो संविधान को खतरा था और न ही देश। खतरा सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार को था। जिसकी वजह से इमरजेंसी लगाई गयी थी। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस परिवार ने संविधान में सबसे ज्यादा संशोधन किये, आज उनका संविधान की किताब लेकर उसे बचाने की बातकर रहा है। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति की वजह से 80 लाख हिन्दुओं की नसबंदी की गयी। इसके चलते कई राज्यों में हिन्दू अल्पसंख्यक हो गये।
उन्होंने बताया कि इमरजेंसी के दौरान न कोई अपील थी, न वकील और न ही दलील। कहीं भी सुनवाई नहीं होती थी। मिश्रा ने वर्तमान प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज भाजपा का स्वर्णिम युग है, लेकिन हमें इमरजेंसी के काले अध्याय को नहीं भूलना चाहिए। इस मौके पर जिला ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, पूर्व अध्यक्ष कौशल शर्मा, पूर्व मंडी अध्यक्ष मुकेश गौतम, नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी देवी राजा, नगर अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, धर्मेन्द्र चौधरी, कुलदीप यादव, जिला पंचायत सदस्य राजू खटीक, केशव बघेल, मुकेश परिहार, आदित्य राजौरिया, दिनेश पचौरिया सहित अन्य भाजपा के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

