अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया प्लेन क्रैश में ग्वालियर के आर्यन की मौत
ग्वालियर. अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया प्लेन क्रैश में इंदौर की हरप्रीत कौर होरा की भी जान चली गई। वह पति से मिलने लंदन जा रही थी। वहीं, बीजे मेडिकल कॉलेज के जिन स्टूडेंट्स की मौत हुई है, उनमें ग्वालियर का आर्यन राजपूत भी था। आर्यन के परिवार को उसकी मौत की जानकारी नहीं है, सिर्फ पिता को पता है।
31 मई को आखिरी बार घर आया था आर्यन
प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाला आर्यन राजपूत एक साल पहले ही MBBS के लिए अहमदाबाद गया था। अभी वह सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। 31 मई को वह गांव में आखिर बार एक शादी में शामिल होने आया था और 2 दिन बाद लौट गया। आर्यन घर में सबसे छोटा था। उसकी एक बड़ी बहन निकिता और भाई आदित्य है। पिता रामहेत किसान है। मां का नाम रानी है।
आर्यन के दोस्त से मिली हादसे की जानकारी
ग्रामीण पंकज सिंह किरार ने बताया, आर्यन कैंटीन में लंच करने गया था, तभी प्लेन आकर हॉस्टल पर क्रैश हो गया। आर्यन बहुत ही टैलेंटेड छात्र था। गांव के लोग अभी भी इस हादसे पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। यह खबर पूरे गांव और प्रदेश के लिए बेहद दुखद है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। आर्यन के परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी गई है। सिर्फ पिता को इसकी सूचना है, जो कि गांव के 8-10 लोगों के साथ शव को लेने पहुंचे हैं, जो आज रात करीब 9-10 बजे गांव लौटेंगे।

