असमाजिक तत्वों के द्वारा डीडी नगर जोन के सहायक यंत्री के साथ की गई मारपीट के आरोपियो को किया जाए गिरफ्तार
ग्वालियर मप्र संविदा ठेका श्रमिक कर्मचारी संघ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष एलके दुबे ने बताया कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी में कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों को शासन / कम्पनी द्वारा दिये गये दायित्व राजस्व वसूली, विद्युत चोरी करने वालों का पंचनामा बनाने, लाइन संधारण, FOC आदि कार्य के निर्वहन के दौरान फील्ड व कार्यालय में आकर असमाजिक तत्वों द्वारा मार पीट आये दिन की जा रही है।
इसी तरह 14 दिसम्बर को डीडी नगर जोन में पदस्थ सहायक यंत्री इंजी.एस.डी.मिश्रा के साथ कार्यालय से घर जाते समय असमाजिक तत्वों द्वारा सिर पर डंडो से बार किया गया जिससे सहायक यंत्री घायल होकर बाइक से गिर गये इस घटना की प्रथम सूचना रिपोर्ट गोला का मंदिर थाने में दर्ज करने हेतु आवेदन दिया गया जिस पर NCR दर्ज जॉच में लिया गया परन्तु 72 घण्टे बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार नही किया न ही प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है जिसके कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हो रहे है | इससे पूर्व महाराजपुरा जोन में पदस्थ परीक्षण सहायक के साथ कार्यालय में घुस कर आरोपी बृजेन्द्र उर्फ विक्की तोमर द्वारा मारपीट की गई थी, जिसकी प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी किसी तरह की कार्यवाही नही की गई है | आरोपी आदतन आपराधिक प्रवृत्ति का है एवं डीडी नगर जोन, महाराजपुरा जोन में उपभोक्ताओं से अवैध वसूली करता है रोक लगाने पर या कार्यवाही करने पर मारपीट जान से मारने की धमकी देकर डर का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है

