अमेजन का भारत में गांजा बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़, भिंड में खुलेआम बेच रहा गांजा, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स के खिलाफ केस दर्ज
भिंड. मध्य प्रदेश के भिंड जिले में ऑनलाइन गांजा बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने शनिवार को एएसएसएल अमेजन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने मामले में ई-कॉमर्स कंपनी एएसएसएल अमेजन को भी आरोपी बनाया है। पुलिस की प्रेस रिलीज के अनुसार, 13 नवंबर को भिंड के गोहद चौराहा थाना इलाके में 21 किलो 734 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। ये गांजा छीमका के रहने वाले पिंटू और आजाद नगर के रहने वाले सूरज के पास से बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में अन्य आरोपी मुकुल जायसवाल को ग्वालियर से और गांजा की खरीददार चित्रा बाल्मीक को मेहगांव से गिरफ्तार किया।
एएसएसएल अमेजन के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सूरज और मुकुल जायसवाल ने बाबू टेक्स नामक एक फर्जी कंपनी बनाई थी फिर एएसएसएल अमेजन कंपनी में सेलर के रूप में अपनी कंपनी को रजिस्टर करवाया इसके बाद ये लोग स्टेविया के रूप में विशाखापट्टनम से गांजे की सप्लाई अपने ग्राहकों को तय जगहों पर करवाते थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एएसएसएल अमेजन कंपनी के कार्यकारी निदेशकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 38 के तहत केस दर्ज करके आरोपी बनाया गया है। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने इस मामले पर कहा कि अमेजन कंपनी के अधिकारी सहयोग नहीं कर रहे हैं। अगर ऐसा ही रहा तो उसके सीईओ और एमडी के खिलाफ कार्रवाई होगी।

