अमृतपाल ने हुलिया बदला, बाइक पर फरार होने की तस्वीर सामने आई
पंजाब. वारिस पंजाब दे के चीफ अमृतपाल की तलाश में पुलिस का ऑपरेशन लगातार चौथे दिन जारी है। एक दिन पहले यानी मंगलवार को अमृतपाल की एक तस्वीर सामने आई, जिसमें उसका हुलिया बदला हुआ है। उसने दाढ़ी कटवा ली है, पारंपरिक सिख बाणा उतार दिया है और पगड़ी में हैं। शर्ट और जींस में बाइक पर बैठा दिख रहा है।
पुलिस के मुताबिक, अमृतपाल ब्रेजा कार से नंगल अंबिया गांव पहुंचा। यहां उसने गुरुद्वारे के ग्रंथी को बंधक बनाया और यहीं पर हुलिया बदला। इसके बाद वह बाईक से फरार हो गया। पुलिस ने ब्रेजा कार शाहकोट में मनप्रीत मन्ना के घर से बरामद की है। मन्ना को अमृतपाल का मीडिया एडवाइजर बताया जा रहा है। उसके अलावा गुरदीप दीपा, हरप्रीत हैप्पी और गुरभेज भेज्जा की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। ब्रेजा कार से राइफल, वॉकी टॉकी और तलवारें जब्त की गई हैं। अमृतपाल ने इनका इस्तेमाल किया था। आखिरी बार वह ब्रेजा में सवार हुआ। अब पुलिस को दो मोटरसाइकिल सवारों की तलाश है।
नया खुलासा: पत्नी भी बब्बर खालसा की मेंबर, फंड जुटाती है
अमृपताल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर NRI है। वह बब्बर खालसा की एक्टिव मेंबर है। एक सीनियर ब्रिटिश खुफिया अफसर ने बताया कि किरणदीप बब्बर खालसा के लिए फंड जुटाती है। 2020 में उसे और 5 लोगों को बब्बर खालसा के लिए पैसे जुटाने के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था। वह ब्रिटेन से खालिस्तान मूवमेंट के लिए फंडिंग कर रही थी।

