अमित शाह के दौरे से पहले प्रदेश अध्यक्ष से मिले CM शिवराज
भोपाल. मध्यप्रदेश के निगम-मंडलों में नियुक्ति और मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की मुलाकात चर्चाओं में रही। क्योंकि रंगपंचमी के पहले इस पर बड़ा फैसला होने वाला है। हालांकि मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल विस्तार पर जो कहा, उसे भी अहम माना जा रहा है।
45 मिनट तक दोनों ने बंद कमरे में चर्चा की
होली के दूसरे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के निवास पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने वीडी शर्मा और उनकी पत्नी स्तुति शर्मा को होली की बधाई दी। करीब 45 मिनट तक दोनों ने बंद कमरे में चर्चा की। जब मुख्यमंत्री से बंगले से बाहर निकलने के बाद मीडिया ने चर्चा की तो मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे अध्यक्ष हैं, उनके निवास पर आया हूं। खूब गप्पें लगाईं। बातचीत की, गहन चिंतन भी हुआ। गुजिया खाई। होली पर गले मिले। कोई राजनैतिक उद्देश्य नहीं था। जब मुख्यमंत्री से पूछा गया कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई बात हुई तो शिवराज सिंह ने कहा कि अभी तो रंग-गुलाल की बात चली है।
अमित शाह के दौरे को लेकर चर्चा
इधर, विन्ध्य के बाद गृहमंत्री अमित शाह 19 मार्च को छिंदवाड़ा आ रहे हैं। इसे लेकर जब मीडिया ने सवाल किया तो सीएम ने कहा कि बीजेपी की तैयारी हर सीट जीतने की है। छिंदवाड़ा भी हम जीतेंगे। अमित भाई भी आ रहे हैं। हम लोग भी वहां जाएंगे और छिंदवाड़ा में जीत हासिल करेंगे।

