निगम-मंडलों पर ब्रेक, प्राधिकरणों में एडजस्ट होंगे नेता, दूसरे दलों से आए एक चौथाई नेताओं को मिला मंत्री का दर्जा
भोपाल. मध्यप्रदेश में लंबे समय से राजनीतिक पुनर्वास का इंतजार कर रहे नेताओं को फिर निराशा हाथ लग सकती है। इस निराशा की वजह यह है कि भाजपा ने फिलहाल निगम मंडलों की नियुक्तियों को होल्ड कर प्राधिकरणों में नेताओं को एडजस्ट करने की तैयारी काे अंतिम रूप दिया है। संभवत: विधानसभा का बजट सत्र खत्म होते ही प्राधिकरणों में नियुक्त होने वाले अध्यक्ष, उपाध्यक्षों और सदस्यों की लिस्ट जारी होगी।
मध्यप्रदेश में ये हैं विकास प्राधिकरण
मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, जबलपुर, सिंगरौली, कटनी, अमरकंटक और रतलाम में विकास प्राधिकरण है। जबकि पांच शहर पचमढ़ी, ग्वालियर, खजुराहो, ओरछा, महेश्वर- मंडलेश्वर स्पेशल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (साडा) में शामिल हैं।
अभी सिर्फ इन प्राधिकरणों में हुई हैं नियुक्तियां
हाल ही में भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) में कृष्णमोहन सोनी को अध्यक्ष और सुनील पांडे, अनिल अग्रवाल लिली को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इंदौर विकास प्राधिकरण में भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री जयपाल सिंह चावड़ा को अध्यक्ष और पिछले महीने राकेश गोलू शुक्ला को उपाध्यक्ष बनाया गया है। मप्र मेला प्राधिकरण में माखन सिंह चौहान को अध्यक्ष बनाया जा चुका है।

